उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में त्योहारों से पहले कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का मकसद चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, अवैध नशे के व्यापार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना था।
नैनीताल पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 128 कबाड़ी दुकानों, 158 मेडिकल स्टोर्स, 07 गन शॉप्स और 187 मोबाइल दुकानों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 133 संचालकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए ₹40,400 का संयोजन शुल्क (जुर्माना) वसूला।
इस व्यापक अभियान की निगरानी एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के पर्यवेक्षण में की गई। जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी भी इस कार्रवाई में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
पुलिस ने सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने समस्त स्टाफ का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराएं और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी दुकान से अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनता से अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तत्काल सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 112 पर संपर्क करें।



Subscribe Our Channel









