हल्द्वानी बनेगा कांग्रेस का शक्ति केंद्र! उत्तराखंड में दस्तक देंगे खरगे, राहुल और प्रियंका

9
#existence of Uttarakhand Congress in Parliament
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। चुनावी माहौल बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी जल्द ही केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अगले माह के दूसरे सप्ताह में दो दिवसीय हल्द्वानी दौरे का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस ने इस संबंध में पार्टी हाईकमान को प्रस्ताव भेजा है। इसमें खरगे के साथ-साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी उत्तराखंड दौरे तय करने का अनुरोध किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हाईकमान को प्रस्ताव भेजे जाने की पुष्टि की है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मल्लिकार्जुन खरगे हल्द्वानी में पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके अलावा उनके एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने की भी संभावना है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद ही जारी किया जाएगा।

उधर, राहुल गांधी भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का दौरा करने के इच्छुक बताए जा रहे हैं। इससे पहले उनका अल्मोड़ा और पौड़ी दौरा खराब मौसम के चलते स्थगित हो गया था। अब पार्टी अगले माह के अंतिम सप्ताह में उनके दौरे की नई रूपरेखा तैयार कर रही है।

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सितंबर के पहले सप्ताह में उत्तराखंड आने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में होने वाली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में केंद्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

कांग्रेस का मानना है कि केंद्रीय नेतृत्व के लगातार उत्तराखंड दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।