हल्द्वानी-लालकुआँ हाईवे पर खौफनाक हादसा: ऑटो पलटा, महिला की मौत, 8 जख्मी

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के पास लालकुआँ रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक अव्यवस्थित कट के पास हुआ, जिसे स्थानीय लोग पहले से ही खतरनाक बताते रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बनभूलपुरा के आजाद नगर (लाइन नंबर 10) निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ऑटो से लालकुआँ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही नेक्सॉन कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। इस हादसे में गफूर बस्ती निवासी 28 वर्षीय रोजी, पत्नी शाहरुख, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाहरुख (35 वर्ष), उनके बच्चे—अरहान (10), अर्श (8), उजैर (4) और चार माह की मन्नत—के अलावा ऑटो चालक शोएब, रफीक, मुकद्दस (45) और मेहरू बी अंसारी (14) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत हल्द्वानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कट लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन कटों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।