हल्द्वानी। “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 54.80 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देशन में और थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में काठगोदाम थाना पुलिस व एसओजी टीम द्वारा लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को उ0नि0 दिलीप कुमार की टीम ने कुंवरपुर बाईपास से गौला नदी जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद पुत्र हामिद, निवासी इन्द्रा नगर, काबुल का गेट, वार्ड नंबर 33, बनभूलपुरा (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कक्षा 4 तक पढ़ा है और वर्तमान में टैम्पो चलाने का काम करता है। उसने स्वीकार किया कि वह यह स्मैक बरेली (उत्तर प्रदेश) के इज्जतनगर क्षेत्र से खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 53/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कुल 20 मामले दर्ज कर 25 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस अवधि में लगभग 1 किलो 385 ग्राम से अधिक स्मैक, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।



Subscribe Our Channel











