नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला की गुलदार के हमले में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत के साथ-साथ ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, महिला दोपहर के समय अपने मवेशियों के लिए जंगल में घास लेने गई थी। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के जंगलों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो इसकी सूचना प्रशासन और वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात जंगल में महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला पर गुलदार ने हमला किया और उसे अपना शिकार बना लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में गुस्से का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव के आसपास गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। कई बार वन विभाग से पिंजरे लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन इस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, भीमताल, धारी और ओखलकांडा क्षेत्रों में दिसंबर से अब तक गुलदार के हमलों में चार महिलाओं की मौत हो चुकी है। हालांकि वन विभाग द्वारा छह गुलदारों को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है, फिर भी लोगों में भय कम नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है, जिसमें प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाना, गश्त बढ़ाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मामले में डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि महिला का शव जंगल से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही गांव में पिंजरा लगाया जा रहा है और मामले की जांच के लिए डीएनए सैंपल भी लिए जा रहे हैं।



Subscribe Our Channel











