उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मंच के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाते हैं, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। देश के दूरदराज क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को इससे नई पहचान मिल रही है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माहौल तैयार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम लगातार जारी है और करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहनत और समर्पण से काम करने वाले लोगों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान लगातार बढ़ रहा है। देश आज एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति के रूप में सामने आया है और विज्ञान, रक्षा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात कर आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है।



Subscribe Our Channel










