भालू का हमला या कुछ और? हल्द्वानी के जंगल में मिली रहस्यमयी लाश

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में मवेशी लेने गए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक तौर पर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि ग्रामीण भालू के हमले की बात कह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रेखाल खत्ता निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद आरिफ शनिवार शाम अपनी भैंसों को वापस लाने के लिए जंगल की ओर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, जिसके बाद रविवार सुबह सिडकुल क्षेत्र के जंगल में उनका शव बरामद हुआ।

बताया जा रहा है कि शव पर जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और वन विभाग सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।