हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हाईवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
पुलिस के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 32 वर्षीय कार्तिक कांडपाल शनिवार सुबह लगभग 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली और स्कूटी पर सवार हो गई। नेहा एक निजी कंपनी में कार्यरत बताई जा रही है।
गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ने के बाद कार्तिक ने आगे चल रहे डंपर (संख्या यूके-01-सीए-3035) को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में नेहा के सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



Subscribe Our Channel











