नैनीताल: जिले के धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह को घर के पास से तेंदुआ उठा ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के देवर ने तेंदुए को हेमा देवी को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले जाते देखा। उन्होंने शोर मचाया और पत्थर फेंककर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तेंदुआ महिला को लेकर जंगल में ओझल हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण महिला की तलाश में जंगल में जुट गए, हालांकि खबर लिखे जाने तक हेमा देवी का कोई पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
नथुवाखान के वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और महिला की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। लोग सुबह-शाम घरों से निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



Subscribe Our Channel











