100 वर्षों से सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुँचा रही है ‘कल्याण’ पत्रिका: अमित शाह

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऋषिकेश में बुधवार को गीता भवन, स्वर्गाश्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गीता प्रेस की मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के सांस्कृतिक और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धामी सरकार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमित शाह ने कहा कि गीता प्रेस का मासिक पत्र ‘कल्याण’ बीते सौ वर्षों से भारतीय ज्ञान और सनातन संस्कृति को देशवासियों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक इस पत्रिका की 17 करोड़ 50 लाख प्रतियां प्रकाशित हो चुकी हैं। इसी अवसर पर गीता प्रेस के आरोग्य अंक का भी विमोचन किया गया, जिसकी 2 लाख 22 हजार प्रतियां प्रकाशित हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगातार कार्यरत है। उन्होंने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों के बावजूद देश की प्रगति की सराहना की और कहा कि गीता प्रेस पिछले सौ वर्षों से हमारी सनातन संस्कृति, धर्मग्रंथों और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में अतुलनीय योगदान दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गीता प्रेस ने श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीरामचरितमानस, उपनिषदों और पुराणों का शुद्ध और प्रमाणिक प्रकाशन कर भारतीय जनमानस को जागृत करने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

सीएम धामी ने यह भी बताया कि गीता प्रेस ने अपनी स्थापना से अब तक 101 करोड़ से अधिक धार्मिक पुस्तकें प्रकाशित की हैं, जिससे हमारी सांस्कृतिक और ज्ञान परंपरा संरक्षित हुई है। उन्होंने कहा कि कल्याण पत्रिका न केवल भारतीय जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को प्रकट कर रही है, बल्कि नैतिकता, सदाचार और सांस्कृतिक जागरूकता के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।