उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिडकुल थाना पुलिस ने अभियान चलाकर 65 लोगों को गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी होटल-ढाबों और सड़क किनारे ठेलों के पास बैठकर शराब पीते हुए हंगामा कर रहे थे। पुलिस टीम उन्हें पकड़कर थाने ले गई और सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही दोबारा ऐसा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और सड़कों के किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने और राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बीती रात सिडकुल थाना पुलिस ने थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्र में अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस बस लेकर विभिन्न स्थानों पर पहुंची और शराब की दुकानों व सार्वजनिक स्थानों के आसपास सड़क किनारे बैठकर शराब पीने वाले लोगों को पकड़ना शुरू किया। इस कार्रवाई में कुल 65 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए कुल ₹16,250 का जुर्माना वसूला। साथ ही सभी आरोपियों को सख्त हिदायत दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना या पिलाना कानूनन अपराध है और दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में शराब की दुकानों, होटल-ढाबों और सड़क किनारे लोगों द्वारा खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई बार राह चलती महिलाओं को परेशान करने की भी बात सामने आई थी। इसी वजह से अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि हरिद्वार में जगजीतपुर, ज्वालापुर और सिडकुल क्षेत्रों में शराब की बड़ी दुकानें संचालित होती हैं। इनके आसपास अक्सर लोग खुलेआम शराब पीते नजर आते हैं। पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है।
बताया जा रहा है कि देर रात जब पुलिस टीम बस लेकर सिडकुल क्षेत्र में शराब के ठेकों के पास पहुंची तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कई लोगों को पकड़ लिया और बस में बैठाकर थाने ले गए।



Subscribe Our Channel











