देहरादून: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड मामले में उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर विवाद बढ़ गया है। इस मामले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बातचीत की और निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई।
सीएम धामी ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
सीएम धामी ने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि दिल्ली पुलिस और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएंगी। उन्होंने केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी बात की और परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद करेगी।
इस मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क कर पारदर्शी जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि 3 जून को मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। मृतकों में अधिकतर विदेशी नागरिक शामिल थे। बचाव अभियान के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इस मामले में होटल के मालिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।



Subscribe Our Channel











