विवाह के दौरान हंगामा, पिता की मौत के बाद बाराती बने भीड़ के निशाने पर

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में एक शादी समारोह उस समय तनाव और शोक में बदल गया, जब निकाह के दौरान दहेज और मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दुल्हन के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह घटना खटीमा के वार्ड नंबर-7 स्थित इस्लामनगर के खुशबू मैरिज हॉल में रविवार रात हुई। जानकारी के अनुसार, बरेली के बड़ा फरीदपुर से बारात खटीमा पहुंची थी। शुरुआती रस्में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं, लेकिन निकाह के समय मेहर की रकम और कथित दहेज मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

लड़की पक्ष का आरोप है कि विवाह तय होने के बाद से ही लड़के वालों द्वारा लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। पहले स्कूटी और बाद में स्पोर्ट्स बाइक तथा एक लाख रुपये नकद की मांग रखी गई। वहीं निकाह के दौरान मेहर की राशि को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। लड़की पक्ष पांच लाख रुपये मेहर की बात कर रहा था, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा हुआ था।

काफी देर तक चली बहस के बीच दुल्हन के पिता तनाव में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में उनकी मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दूल्हे और कई बारातियों को रोक लिया तथा उनके साथ मारपीट की।

स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ बारातियों को अपनी सुरक्षा के लिए आसपास के मकानों की छतों से कूदकर भागना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हंगामे में मैरिज हॉल की कुर्सियां और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने महिलाओं, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझौते की कोशिशें जारी रहीं।

खटीमा के कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि निकाह के दौरान विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यदि दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं होता है, तो प्राप्त शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।