नैनीताल। जिले के धारी क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बबियाड-दुदुली मोटर मार्ग पर हल्द्वानी की ओर जा रहा मैक्स वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा समाया। हादसा इतना भयावह था कि दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान लता देवी (40) निवासी दुदुली और हरीश चंद्र बेलवाल (52) निवासी अम्दौं के रूप में हुई है।
दुर्घटना में चालक कमल शर्मा (23), नेहा बेलवाल (17), सुभाष बेलवाल (13) और दिनेश चंद्र शर्मा (48) घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। धारी के प्रभारी एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है तथा चार लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



Subscribe Our Channel









