आग का तांडव! आवासीय भवन हुआ खाक, दो लोग झुलसे

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के डुंडा तहसील अंतर्गत जुणगा गांव के डांगड़ा तोक में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक बड़े आवासीय भवन में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, आग लगते ही लोग घर से बाहर भागे और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में घर के अंदर रखा सारा सामान, खाद्यान्न और घरेलू वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।

हादसे में दो लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल उत्तरकाशी भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।

सूचना मिलते ही ब्रह्मखाल चौकी पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा मकान जल चुका था।

स्थानीय ग्राम प्रधान अनिल भंडारी ने बताया कि यह आग इतनी भीषण थी कि पूरा भवन पूरी तरह नष्ट हो गया और परिवार का सबकुछ खत्म हो गया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तुरंत मुआवजा और राहत देने की मांग की है।

इस हादसे में अनिल सिंह भंडारी और महेश सिंह भंडारी के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि सुमेर सिंह भंडारी और प्रमिला देवी घायल हुए हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्य जारी है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।