उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में होली के दिन उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान प्रमोद पाल के घर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 20 से अधिक लोग लाठी-डंडों के साथ कई वाहनों में सवार होकर पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने घर में मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए जमकर मारपीट की और घर का सामान भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल, उनके भाई मनोज कुमार सहित 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर अचानक गांव में पहुंचे और सीधे ग्राम प्रधान के घर की ओर बढ़ गए। घर के अंदर घुसते ही उन्होंने लाठी-डंडों से हमला करना शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान और हमलावरों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं ग्राम प्रधान के समर्थकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी भी जताई।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।



Subscribe Our Channel











