देहरादून में पीएम मोदी का दौरा बना सियासी संग्राम, कांग्रेस का जोरदार हंगामा

11
खबर शेयर करें -

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल में तनाव देखने को मिला। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए “मोदी गो बैक” के नारे लगाए और अपना विरोध दर्ज कराया।

सूचना के अनुसार, कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहे थे। उनका उद्देश्य प्रधानमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपना था। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल समेत कई नेता मौजूद रहे, लेकिन पुलिस ने कोतवाली के पास ही उनके काफिले को रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी।

प्रशासन ने पहले से ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने से रोक दिया गया। इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखी गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे और स्थिति को नियंत्रित रखा गया।

वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में विकास परियोजनाओं और जनभागीदारी का माहौल भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं, जिसे राज्य के लिए एक बड़ी आधारभूत संरचना परियोजना माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री की झलक पाने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे जमा रहे। पूरे मार्ग पर लोगों की भीड़, उत्साह और सुरक्षा व्यवस्था का खास नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री का लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है, जिसे लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और पूरे रूट को सुरक्षा व सजावट से सुसज्जित किया गया है।