देहरादून में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और राज्य को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे।
कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी सबसे पहले उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर स्थित मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे करीब 11,970 करोड़ रुपये की लागत से बने 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से देहरादून से दिल्ली की दूरी लगभग ढाई घंटे में तय की जा सकेगी।
प्रधानमंत्री इस दौरे में टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट (1000 मेगावाट), पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। परिवहन विभाग ने देहरादून और हरिद्वार से लगभग 2300 बसों और मैक्सी कैब्स की व्यवस्था की योजना बनाई है, जबकि अन्य जिलों से भी वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों की टीमों, एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और कई अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। रोड शो मार्ग, एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में राज्य में कई बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे से राज्य को एक और बड़ी सौगात मिलेगी और जनता को विकास परियोजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।



Subscribe Our Channel










