उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में हिस्सा लिया। यह रैली कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने में कथित बाधा के विरोध में आयोजित की गई थी।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं की भागीदारी के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपस्थिति इस बात का संकेत है कि नारी सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर उत्तराखंड की महिलाएं पूरी तरह एकजुट और जागरूक हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद में इस ऐतिहासिक विधेयक का समर्थन न करने वाले अब जनता के बीच जाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो दल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस कानून का विरोध करते हैं, वही आज महिला सम्मान की बात कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि नारी सम्मान केवल नारों से नहीं बल्कि नीतियों और ठोस निर्णयों से सुनिश्चित होता है, और यह दिशा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं के साथ पदयात्रा भी की। इस दौरान महिलाओं में उत्साह और अधिकारों के प्रति जागरूकता साफ तौर पर देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि यह जनसंकल्प आने वाले समय में पूरे देश में नारी शक्ति के अधिकारों की दिशा में एक मजबूत संदेश देगा।



Subscribe Our Channel









