हीट अलर्ट के बीच बड़ा फैसला: नैनीताल जिले के इन क्षेत्रों में स्कूलों का नया समय लागू

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के अलर्ट को देखते हुए स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इसी क्रम में नैनीताल जिले के कई विकासखंडों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।

महानिदेशक, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा जारी आदेश (पत्रांक विविध/217-21/2026-27, दिनांक 21 अप्रैल 2026) के अनुसार जनपद नैनीताल के विकासखंड हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग (पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों को छोड़कर) में स्थित सभी विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवधि के दौरान संशोधित समय सारिणी लागू की जाएगी।

यह व्यवस्था 15 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी। आदेश के अनुसार विद्यालयों का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं छात्रों की प्रार्थना सभा सुबह 6:45 बजे आयोजित की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय हीटवेव के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।