खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का दौरा रद्द, फोन से दिया बड़ा राजनीतिक संदेश

11
खबर शेयर करें -

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा के सिमकनी में आयोजित जनसभा में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने दिल्ली से फोन के माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने देश की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार अमेरिका के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति पर अमेरिका का प्रभाव बढ़ गया है और वही तय कर रहा है कि भारत किन देशों से तेल खरीदे और किनसे नहीं।

राहुल गांधी ने कृषि और शिक्षा क्षेत्र की स्थिति को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि मौजूदा नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था और कृषि क्षेत्र गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आम जनता और किसानों के हितों के बजाय कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई जा रही हैं।

जीएसटी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके गलत क्रियान्वयन से देश के छोटे कारोबार प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार, इससे रोजगार के अवसर कम हुए और व्यापार का बड़ा हिस्सा कुछ बड़े उद्योगपतियों तक सीमित होकर रह गया।

अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने अल्मोड़ा की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेंगे और सीधे उनके बीच पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने औपचारिक रूप से राहुल गांधी का दौरा रद्द होने की घोषणा की तथा बताया कि खराब मौसम के कारण वे फोन के माध्यम से जनसभा से जुड़े हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।