महापौर परिषद की राष्ट्रीय बैठक में गूंजा उत्तराखंड मॉडल, सीएम बोले- शहरों से बनेगा विकसित भारत

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹29.78 करोड़ की लागत वाली तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹23.15 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण तथा ₹6.63 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए कहा कि वे अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सशक्त और सुव्यवस्थित शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं से शहरों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, शहरी स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में इस वर्ष अब तक 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि आदि कैलाश और पूर्णागिरि धाम में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने उत्तराखंड का भ्रमण किया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण, वर्षा जल संचयन परियोजनाओं तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कम्पोस्ट प्लांट और सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान सहित देश के विभिन्न शहरों के महापौर एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।