उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली विकासखंड के कुलसारी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी से महज दो दिन पहले एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और माहौल गमगीन हो गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 25 अप्रैल को कुलसारी निवासी 30 वर्षीय आदित्य जोशी पुत्र हरीश चंद्र जोशी, मूल निवासी विजयपुर और वर्तमान में पीपलगैर (कुलसारी) में रह रहे थे, ने अपने घर में जीवन समाप्त कर लिया। परिजनों ने जब उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में देखा तो हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को डायल 112 के माध्यम से दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आदित्य जोशी विदेश में डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे और हाल ही में शादी के लिए घर लौटे थे। घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया था। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया।
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।



Subscribe Our Channel










