उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में ग्राम प्रधान सहदेव सिंह के भाई नकुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नकुल पिछले कुछ समय से देहरादून में रह रहे थे और कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे।
घटना रात करीब दो बजे हुई, जब नकुल ने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया। अंदर से गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा खोलने पर नकुल का खून से लथपथ शव जमीन में पड़ा मिला। इस दृश्य को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्सर कोतवाली के एसएसआई लोकपाल परमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या प्रतीत होता है, लेकिन इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।



Subscribe Our Channel











