युवती की निर्मम हत्या, पीछा करने वाले युवक ने चापड़ से रेता गला

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, युवती घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने बातचीत के बहाने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने चापड़ से वार किया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। उसे तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध में मच्छी बाजार क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

पुलिस ने आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में की है। आरोपी खुड़बुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर का निवासी है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से युवती गुंजन का पीछा कर रहा था और उसे धमकियां दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, गुंजन और आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आकाश की शादी के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी उसका लगातार पीछा करता रहा। दो दिन पहले उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन कथित तौर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।