हल्द्वानी में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर से पास की दुकान पर सामान लेने के लिए निकली थी। इसी दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाले दो टैक्सी चालक—20 वर्षीय मोहित और 24 वर्षीय प्रदीप—उसे मिले। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को घुमाने का झांसा दिया और अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। दोनों आरोपी मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के दन्या थाना क्षेत्र के नौगांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी छात्रा को हैड़ाखान रोड की ओर ले गए। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ या शराब पिलाई गई, जिसके बाद दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। देर रात तक जब छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। रात करीब साढ़े दस बजे परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान छात्रा हैड़ाखान मार्ग पर खड़ी एक कार में अचेत अवस्था में मिली। दोनों आरोपी भी उसी कार में मौजूद थे। पुलिस ने मौके से ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसकी काउंसलिंग की जा रही है। घटना में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।



Subscribe Our Channel











