उत्तराखंड में PCS से IAS में पदोन्नति का लंबे समय से इंतजार कर रहे अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला सामने आया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति के लंबे इंतजार के बाद बंसीलाल राणा को IAS कैडर में शामिल कर दिया गया है। यह पदोन्नति पदोन्नति कोटे के तहत मिली है और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जारी आदेश के बाद अब राणा आधिकारिक रूप से IAS अधिकारी बन गए हैं।
इस पदोन्नति के लिए वर्ष 2022 में उत्तराखंड कैडर में दो रिक्त पद थे। राज्य सरकार ने इन रिक्तियों के लिए कुल सात PCS अधिकारियों के नाम UPSC को भेजे, जिनमें वरिष्ठता के आधार पर दो अधिकारियों का चयन किया गया। सीनियरिटी सूची में पहले स्थान पर रहे भगवत किशोर का निधन पहले ही हो चुका था, लेकिन उन्हें मरणोपरांत पदोन्नति का लाभ दिया गया। दूसरे स्थान पर रहे बंसीलाल राणा को भी इस प्रक्रिया में पदोन्नति मिली।
वर्तमान में बंसीलाल राणा महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से प्रशासनिक सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। उत्तराखंड शासन ने वर्ष 2022 के साथ-साथ 2023 और 2024 की रिक्तियों को भी एक साथ भरने की योजना जताई थी, लेकिन फिलहाल केवल वर्ष 2022 की रिक्तियों के आधार पर ही पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हुई।
इस प्रक्रिया के कारण वरिष्ठ PCS अधिकारी नरेंद्र कुरियाल को इस बार पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सका। हालांकि, वर्ष 2023 और 2024 के लिए कुल छह रिक्त पद अभी भी बाकी हैं, जिनके लिए भविष्य में डीपीसी आयोजित होगी और अन्य PCS अधिकारियों को IAS बनने का अवसर मिल सकता है। इस तरह, बंसीलाल राणा की पदोन्नति न सिर्फ उनके लिए बल्कि उत्तराखंड के PCS अधिकारियों के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत है कि लंबित पदोन्नतियों का रास्ता अब खुलना शुरू हुआ है।



Subscribe Our Channel











