उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के विकास, रोजगार, कर्मचारियों के हितों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में कई अहम फैसले लेते हुए आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा में छूट और हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 8300 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का निर्णय लिया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि पर फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। वन आरक्षी भर्ती में अभ्यर्थियों को राहत देते हुए 31 दिसंबर 2028 तक अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है।
औद्योगिक और श्रमिक कल्याण से जुड़े फैसले में असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष गठित करने को मंजूरी दी गई। चीनी मिलों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में संशोधन करते हुए अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई।
शहरी विकास को गति देने के लिए भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता दी जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी। राज्य में लैंड यूज परिवर्तन की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है। हरिद्वार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 21.08 किलोमीटर लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें कुल 21 स्टेशन होंगे। पहला कॉरिडोर 15 किलोमीटर लंबा होगा, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनाया जाएगा।
वन भूमि से जुड़े मुद्दों पर भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया। बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि सहित बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
खनन विभाग के जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि रॉयल्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित होंगे। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया है। सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी मंजूरी मिली है।
इसके अलावा उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव, महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली और पंचम विधानसभा के सत्रावसान के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित होगी। वहीं, राज्य में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया।




Subscribe Our Channel










