डॉ. भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, पुलिस चौकी पर हंगामा

148
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिला के जसपुर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों ने धर्मपुर पुलिस चौकी पर प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, एक युवक ने डॉ. अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाया, जो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। जैसे ही अम्बेडकर समाज और अन्य सामाजिक संगठनों को इसकी जानकारी मिली, लोग चौकी पर एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की और पुलिस चौकी के बाहर नारेबाजी भी की।

स्थानीय लोगों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने की भी कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने तुरंत आसपास के थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रण में किया।

बाजपुर सीओ विभव सैनी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया गया और निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने बताया कि वीडियो बनाने वाला युवक नाबालिग है। मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।