उत्तराखंड में हिंसक मुठभेड़ः एक बदमाश को लगी गोली, दो गिरफ्तार

9
खबर शेयर करें -

देहरादून: थाना राजपुर क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मर्डर केस में फरार दो आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों से पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग के दौरान आरोपियों की लोकेशन मिली। पुलिस ने पीछा करते हुए गुनियाल गांव के जंगल में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। दूसरे आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसका जवाब पुलिस ने फायरिंग से दिया, जिसमें आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।

30 मार्च की सुबह आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सैर कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को चलती कार से फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में लोगों में गहरा रोष था और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस लगातार चेकिंग और अभियान चला रही थी। इसके तहत 22 वर्षीय मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (मुजफ्फरनगर) और 21 वर्षीय शांतनु त्यागी (सहारनपुर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों से पूछताछ की।

इस मामले में इससे पहले कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि चार लोगों को जेल भेजा जा चुका है। अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।