उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में गुलाबी ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है, वहीं आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम करवट ले सकता है। इन जिलों के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 26 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में भी मौसम का ऐसा ही रुख रहने की संभावना है।
इसके बाद 27, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।




Subscribe Our Channel











