सर्दियों ने लौटकर दी दस्तक: केदारनाथ ढका बर्फ में, मौसम विभाग का अलर्ट

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बीती रात से लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे पूरे क्षेत्र में फिर से मोटी बर्फ की चादर बिछ गई है। हाल ही में जिन रास्तों से बर्फ हटाई गई थी, वे अब पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं, जबकि मंदिर परिसर भी बर्फ की सफेद चादर में लिपटा हुआ है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण धाम में चल रही यात्रा तैयारियों पर असर पड़ा है, और मजदूरों की कड़ी मेहनत पर मौसम ने पानी फेर दिया है।

बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि लगातार बर्फबारी के कारण व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से तैयार करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते तैयारी पूरी नहीं हुई, तो तीर्थयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। धाम में तैनात जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, बल्कि बर्फ हटाने के कार्य में भी जुटे हुए हैं। माइनस तापमान में यह कार्य बेहद कठिन है, फिर भी जवान पूरी निष्ठा और हौसले के साथ काम कर रहे हैं।

उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटा की झोंकेदार हवाओं के चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज और आकाशीय बिजली के साथ हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को वृष लग्न में बाबा केदारनाथ धाम के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खोले जाएंगे, लेकिन लगातार खराब मौसम प्रशासन और एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मौसम साफ होते ही व्यवस्थाओं को तेजी से दुरुस्त किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।