मारपीट और धमकी के बाद युवक की मौत, आत्महत्या या कुछ और?

9
खबर शेयर करें -

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया, जहां युवती से मारपीट और मोबाइल छीनकर फरार हुआ आरोपी युवक कुछ ही देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल जारी है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फैजाबाद की रहने वाली एक युवती, जो वर्तमान में जमालपुर स्थित राम वाटिका में रह रही है, ने गैस प्लांट चौकी में शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा (पुत्र कैलाश नाथ वर्मा) उसे जमालपुर चौक के पास मिला। आरोप है कि युवक ने उससे मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और उसकी तलाश शुरू कर दी। पीछा करते हुए पुलिस टीम बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची। यहां प्लांट की बाउंड्री के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव बरामद हुआ।

मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक ने अपने पास मौजूद अवैध पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस मारपीट, धमकी और आत्महत्या के बीच संबंधों को जोड़कर देख रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।