अगले 7 दिन संभलकर! उत्तराखंड में तेज से अति तेज बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 26 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार 26 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है। देहरादून, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर आने की संभावना है।

गुरुवार 27 अगस्त को पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश के दौर हो सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का भी अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

रक्षा बंधन के दिन शुक्रवार 28 अगस्त को भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

शनिवार 29 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि हरिद्वार में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

30 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 31 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। मंगलवार 1 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।