उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी भाई विवेक उर्फ विक्की को भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के चुड़ियाला गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, खोखे और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है।
मंगलवार 25 अगस्त की देर शाम गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर और आजाद नगर पनियाला रोड स्थित संतोषी माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया था। आरोपी विवेक ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर अपनी दोनों सगी बहनों पुष्पा और संगीता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संगीता को अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। गोलीबारी में आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने अपने मामा विवेक उर्फ विक्की के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि विवेक ने अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके मूल गांव चुड़ियाला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विवेक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दोनों बहनों के कथित तौर पर गलत रास्ते पर चलने से नाराज था। उसने दावा किया कि उसने दोनों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद उसने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अब घटना पर पछतावा होने की बात कही है।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, बहनों के चरित्र पर शक और पारिवारिक विवाद जैसे कारण सामने आए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से खरीदा था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से भगवानपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव का रहने वाला है। उसकी दोनों बहनों की शादी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई थी और दोनों फिलहाल रुड़की में रह रही थीं। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।



Subscribe Our Channel











