CM चेहरे पर हरदा का बड़ा दांव! बोले- मुझसे भी खूबसूरत कई चेहरे, फैसला राहुल गांधी करेंगे

14
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। नैनीताल रोड स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनसे भी खूबसूरत कई चेहरे हैं। मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ही करेंगे।

हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन सामूहिक जिम्मेदारी की रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने विभिन्न कमेटियों का गठन भी किया है, ताकि संगठन को मजबूत कर चुनावी तैयारियों को गति दी जा सके।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा को जनता का अच्छा समर्थन और उत्साह मिला था। अब पार्टी जल्द ही बैठक अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत कार्यकर्ता और पदाधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, जरूरतों और स्थानीय मुद्दों पर संवाद करेंगे। पार्टी का प्रयास है कि जनसमस्याओं को समझकर उन्हें चुनावी मुद्दों के रूप में प्रभावी ढंग से उठाया जाए।

आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की संभावनाओं को लेकर हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने भाजपा के 65 पार के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा की तरह 65 पार का दावा नहीं करेगी, क्योंकि यह संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस इस बार 45 पार का लक्ष्य हासिल करेगी।