उत्तराखंड के अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चर्चा में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ अब देहरादून की नगर कोतवाली में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। उन पर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित कर राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया है। मामले में एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के सामने राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक व मानहानिकारक बयान दे रही हैं। शिकायत में संबंधित व्यक्तियों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने और समाज में भ्रम व वैमनस्य फैलने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक राकेश रावत को सौंप दी है।
इससे पहले 25 अक्टूबर को हरिद्वार के रानीपुर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह मुकदमा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिसमें सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ अब तक 11 मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है।




Subscribe Our Channel











