उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट, 8 पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले तीन दिन भी प्रदेशभर में मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं। हालांकि, आगामी गुरुवार को आठ पर्वतीय जनपदों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में इन दिनों मौसम शुष्क है, जबकि कुछ पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने की सूचना भी है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बने रहने का अनुमान है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से रात और सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है। प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम में संभावित बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर रखने और यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाने की सलाह दी गई है।