हल्द्वानी। साइबर टिपलाइन से मिली 11 शिकायतों के आधार पर नैनीताल पुलिस ने बाल यौन शोषण से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और अश्लील सामग्री को खोजने व डाउनलोड करने से जुड़ी हिस्ट्री मिली। जांच में आरोप सामने आया कि आरोपी ने इंटरनेट से आपत्तिजनक सामग्री डाउनलोड कर लैपटॉप में रखी थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे को ऐसी सामग्री दिखाई, उसका यौन शोषण किया और वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पीड़ित और आरोपी दोनों नाबालिग थे।
मामले में एफआईआर संख्या 373/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम की धारा 14/15 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी कराई है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में काठगोदाम प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम समेत एसओजी और पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।




Subscribe Our Channel











