उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। इसका लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीसीएस, सीडीएस, बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा कैट, मैट, गेट, नेट और एसएसआईआर नेट जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट बैठक में चर्चा की गई थी। अब सरकार इसे जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है।
सरकार का मानना है कि महंगी कोचिंग के कारण कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे विद्यार्थियों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग मिलने से विद्यार्थियों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी।
खास तौर पर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह पहल काफी उपयोगी मानी जा रही है। उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और घर से ही विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।



Subscribe Our Channel











