उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक पर हुए हिमस्खलन हादसे में लापता आठ ट्रेकर्स में से एक और का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले ट्रेकर्स की संख्या सात हो गई है, जबकि एक ट्रेकर अभी भी लापता है। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सघन सर्च अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों से तीन पुरुष ट्रेकर्स के शव बरामद किए।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से सर्च अभियान की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने लापता ट्रेकर्स की संभावित लोकेशन वाले क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी। अभियान के दौरान हिमस्खलन में दबे तीन ट्रेकर्स के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले।
रेस्क्यू टीम ने तीनों शवों को पहले बेस कैंप पहुंचाया। इसके बाद युकाडा के हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें मातली हेलीपैड लाया गया। जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे देहरादून से रवाना होकर 11:30 बजे मातली पहुंचा। वहां से 11:40 बजे केदारताल के लिए उड़ान भरी और दोपहर करीब 12:10 बजे तीनों शवों को लेकर वापस मातली पहुंचा।
मातली हेलीपैड से शवों को मोर्चरी वाहन के जरिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। हादसे में अब तक सात ट्रेकर्स के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, आठवें लापता ट्रेकर की तलाश के लिए एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम का अभियान लगातार जारी है।




Subscribe Our Channel











