उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।




Subscribe Our Channel











