उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थानो न्याय पंचायत क्षेत्र के बड़ासी ग्रांट में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई। महिला शाम के समय मायके से दूध लेकर अपने रेस्टोरेंट की ओर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़े हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए देहरादून के सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, धनियाडी बड़ासी ग्रांट निवासी अंजली गुप्ता पत्नी अश्वनी गुप्ता शाम करीब 7:15 बजे अपने मायके से दूध लेकर वापस अपने रेस्टोरेंट की ओर जा रही थीं। बताया गया कि जैसे ही वह गली के पास पहुंचीं, वहां खड़े हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों ने घायल अंजली गुप्ता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया।
बताया जा रहा है कि हाथी के हमले में महिला की कई पसलियां टूट गई थीं और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। सीएमआई अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन देर रात उनकी मौत हो गई।
अंजली गुप्ता का एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग पर धनियाडी क्षेत्र में रेस्टोरेंट बताया जा रहा है। उनके छोटे भाई अखिलेश मनवाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बहन शाम करीब 7:15 बजे उनके घर से दूध लेकर अपने रेस्टोरेंट लौट रही थीं, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



Subscribe Our Channel











