कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ी मुसीबत! 3 दिन तक बदले रहेंगे रास्ते, इन वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद

6
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। धनतेरस और वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात संचालन के लिए विशेष प्लान तैयार किया है। छह से आठ नवंबर तक भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में यह व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के रूट भी बदले जाएंगे। वहीं, कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचना होगा।

पुलिस के मुताबिक, सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।

यातायात प्लान के अनुसार अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। इसके विपरीत हल्द्वानी, काठगोदाम सहित मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटकों को विकास भवन पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनिटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के साथ पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट, पार्किंग और शटल व्यवस्था की जानकारी जरूर रखें तथा यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें।