उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, युवती ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सितारगंज निवासी आरोपी ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। इसके अलावा आरोपी ने अपनी पत्नी के आधार कार्ड पर युवती की फोटो लगाई और विरोध करने पर उसकी बड़ी बहन के साथ मारपीट भी की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 64, 77, 78, 351(2), 329(4), 115(2) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम बनाई गई।
उप निरीक्षक प्रियंका टम्टा थाना नानकमत्ता को विवेचना सौंपे जाने के बाद लगातार दबिश दी गई। 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम कंजाबाग मार्ग पर आम की बगिया के पास पहुंची, जहां आरोपी संदिग्ध हालत में खड़ा मिला और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाल खटीमा विजेंद्र शाह के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में जिला उपकारागार हल्द्वानी भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











