सरकारी जांच से खुलेंगे राज? भाजपा विधायक के पुत्र के भूमि विवाद ने बढ़ाई राजनीति की टेंशन

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे से जुड़े भूमि विवाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

मामला बाजपुर तहसील के ग्राम सैंमलपुरी से जुड़ा है, जहां की निवासी नन्नी देवी ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर भूमि से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि खाता संख्या 20 की भूमि वर्ष 2010-11 में नियमों के विपरीत हस्तांतरित की गई।

आरोप है कि यह भूमि अनुसूचित जनजाति श्रेणी की थी, जिसे नियमों के अनुसार किसी सामान्य वर्ग के व्यक्ति के नाम ट्रांसफर नहीं किया जा सकता था, लेकिन इसके बावजूद यह जमीन अतुल कुमार पांडे के नाम दर्ज कर दी गई।

शिकायतकर्ता नन्नी देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि न्यायालय से निर्णय उनके पक्ष में आने के बावजूद उन्हें अब तक भूमि पर कब्जा नहीं मिल पाया है। उनका कहना है कि प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण उन्हें न्याय मिलने में बाधा आ रही है।

मामले पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने एडीएम (वित्त/राजस्व) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। एसडीएम बाजपुर को सदस्य सचिव बनाया गया है, जबकि बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने समिति को सभी बिंदुओं की गहन जांच कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।