उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 307 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायक और मशरूम पर्यवेक्षक शामिल थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य होने के कारण उत्तराखंड में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में, जहां संकट की घड़ी में लोग सबसे पहले स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों को 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी कार्यरत हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण जारी है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी सेब, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने नव-नियुक्त युवाओं से अपेक्षा जताई कि वे कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं और देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, कृषि मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे तथा डॉ. एस. एन. पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



Subscribe Our Channel











