सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, राजभवन घेराव को लेकर रणनीति तेज

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान किया है। इस आंदोलन में कुमाऊं मंडल से हजारों कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय स्वराज आश्रम में आयोजित बैठक में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी, परिवहन व्यवस्था, अनुशासन और स्थल प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय कीं और सभी से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर राजभवन घेराव को सफल बनाएंगे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और धीमी विकास गति से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी का प्रदर्शन जनआक्रोश की प्रभावी अभिव्यक्ति होगा।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया। विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां बांटी गई हैं और सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संकल्प लिया है।

बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और नैनीताल जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने किया। नेताओं ने विश्वास जताया कि यह आंदोलन जनता की आवाज को मजबूती देगा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगा।

बैठक में उपनेता सदन एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, हेमेश खर्कवाल, ललित फर्स्वाण, खजान चंद्र गुड्डू, बालकिशन, सरदार नवतेज पाल सहित कुमाऊं मंडल के जिला व महानगर अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।