हल्द्वानी। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बनभूलपुरा क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बर्खास्त शिक्षक को दो अवैध तमंचों और 17 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से चल रहे अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है और परिवार के साथ विवाद करता रहता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी मोबिन खान को हिरासत में लिया गया। उसके घर से 315 बोर और 12 बोर के दो तमंचे तथा विभिन्न बोर के कुल 17 कारतूस बरामद किए गए। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी अक्सर हथियार दिखाकर उन्हें धमकाता और झगड़ा करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और एक मामले में उसे सजा भी हो चुकी है, जिसकी अपील उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है।



Subscribe Our Channel











