नीली बत्ती का रौब, फर्जी आईबी आईडी का खेल, पुलिस चेकिंग में खुली युवक की पोल

5
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) का अधिकारी बताकर सरकारी रौब झाड़ रहे एक युवक का फर्जीवाड़ा सामने आया है। तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी हुंडई कार को रोककर जांच की तो चालक के पास फर्जी आईबी पहचान पत्र और दस्तावेज बरामद हुए। कार से पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी मिली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को तिकोनिया चौराहे पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती के साथ भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान बताया और खुद को आईबी अधिकारी होने का दावा किया।

पुलिस ने जब चालक से उसकी नियुक्ति, पद और विभाग से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने उसके पास मौजूद आईडी कार्ड और दस्तावेजों की जांच की, जिन पर संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई।

पुलिस ने कार पर लगी नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एयरगन रौब दिखाने के लिए अपने साथ रखता था। प्रारंभिक जांच में उसके आईबी अधिकारी होने का दावा और संबंधित दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।

मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 24 वर्षीय मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ ही फर्जी आईबी अधिकारी बनने के पीछे की मंशा और इस फर्जी पहचान के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।